Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बांग्लादेश ने बंद की वीजा सेवा

नई दिल्ली। भारत के चिटगांव में अपना वीजा केंद्र बंद करने के बाद अब बांग्लादेश ने भी भारत में वीजा देना बंद कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि सुरक्षा चिंताओं के चलते नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग ने सभी कौंसुलर और वीजा सेवाएं अस्थायी रूप से बंद दी हैं। अगली सूचना तक वीजा सेवा बंद रहेगी। गौरतलब है कि इससे पहले भारत ने बांग्लादेश के दूसरे सबसे बड़े शहर चिटगांव में अपनी वीजा सेवा बंद कर दी थी।

उधर बांग्लादेश में तनाव बढ़ता जा रहा है। शेख हसीना का विरोध करने वाले एक और नेता मोतलुब शिकदर को गोली मार दी गई है। उससे पहले कट्टरपंथी नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या हुई थी, जिसके उनके समर्थक भड़के हुए हैं। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इस अल्टीमेटम के बीच यूनुस ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों को उस्मान हादी की हत्या में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार करने का आदेश दिया है।

यूनुस ने सोमवार को बताया कि उन्होंने रविवार को कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए एक बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने हादी के हत्यारों को पकड़ने और देश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इस मीटिंग में गृह मामलों के सलाहकार रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद जहांगीर आलम चौधरी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डॉ. खलीलुर रहमान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

इस बैठक में खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी के एक्टिंग चेयरमैन तारिक रहमान की वापसी से जुड़े सुरक्षा उपाय, क्रिसमस और नया साल मनाने की तैयारी और उससे जुड़े सुरक्षा के इंतजाम को लेकर भी चर्चा हुई। गौरतलब है कि तारिक रहमान 17 साल बाद देश लौट रहे हैं। वे पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं।

Exit mobile version