Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट

मुंबई। शुक्रवार को कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन हफ्ते भर की तेजी समाप्त हो गई। वैश्विक बाजारों में गिरावट की वजह से शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई में एक हजार अंक से ज्यादा की बड़ी गिरावट हुई। बीएसई का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक 1,048 अंक गिर कर 82,627 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 336 अंक की गिरावट रही, यह 25,471 पर बंद हुआ।

सूचकांक के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट रही। वहीं निफ्टी-50 के 45 शेयरों में बिकवाली रही। शुक्रवार को धातु, आईटी और ऊर्जा के शेयरों में ज्यादा गिरावट रही। माना जा रहा है कि अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर चिंता बढ़ी है, जिससे आईटी सेवाओं और सॉफ्टवेयर सेवाओं के कारोबार को नुकसान होने की आशंका है। इस वजह से अमेरिकी बाजार में गिरावट हुई, जिसका असर भारत के आईटी सेक्टर पर भी दिखा।

अमेरिका के साथ साथ एशियाई बाजारों में भी शुक्रवार को भी अच्छी खासी गिरावट रही। अमेरिका में डाउ जोन्स 669 अंक की गिरावट के साथ 49,451 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में 2.03 फीसदी की बड़ी गिरावट हुई और यह 22,597 पर बंद हुआ। अगर एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.28 गिर कर 5,507 पर बंद हुआ। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.21 फीसदी गिरकर 56,941 पर बंद हुई। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.72 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.26 फीसदी गिर कर बंद हुआ।

Exit mobile version