Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा ने राज्यसभा के नौ उम्मीदवार घोषित किए

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा की 12 सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए अपने नौ उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी हरियाणा से और रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से राज्यसभा में जाएंगे। केरल में भाजपा के ईसाई चेहरे के तौर पर करीब चार दशक से राजनीति कर रहे जॉर्ज कुरियन को मध्य प्रदेश  राज्यसभा भेजा जा रहा है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त है। सभी उम्मीदवार आखिरी दिन की नामांकन दाखिल करेंगे।

बहरहाल, पंजाब से दो बार सांसद रहे रवनीत बिट्टू लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने उन्हें लुधियाना से टिकट दिया, लेकिन वे चुनाव हार गए थे। लोकसभा चुनाव में हार के बाद भी भाजपा ने बिट्टू को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया है। वे कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल के इस्तीफे से खाली सीट पर राज्यसभा जाएंगे। इसी तरह मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा की एक सीट पर चुनाव के लिए भाजपा ने केरल के नेता जॉर्ज कुरियन को प्रत्याशी बनाया है। कुरियन मोदी में राज्य मंत्री हैं।

किरण चौधरी को हरियाणा से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। बिहार में लालू यादव की बेटी मीसा भारती और भाजपा के विवेक ठाकुर के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा की दो सीटें खाली हुई हैं। इनमें से भाजपा ने एक सीट पर बार कौंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्र को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी सीट पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा उम्मीदवार होंगे।

असम में भाजपा ने मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली को उम्मीदवार बनाया है। महाराष्ट्र से पीयूष गोयल और उदयनराजे भोसले लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने। इनके इस्तीफे से राज्यसभा की दो सीटें खाली हुई है। बीजेपी ने एक सीट पर धैर्यशील पाटिल को उम्मीदवार घोषित किया है। माना जा रहा है कि एक सीट पर अजित पवार की एनसीपी के नितिन पटेल उम्मीदवार होंगे। बीजद छोड़ कर भाजपा में शामिल हुईं ममता मोहंता को उनके इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट पर भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य को पार्टी ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया है।

Exit mobile version