Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अब सरकार के निशाने पर ओबामा

नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बाद अब केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को निशाना बनाया है। उन्होंने सीधे तौर पर ओबामा पर हमला करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में छह मुस्लिम देशों पर हमला हुआ था इसलिए वे भारत को सीख न दें। इससे पहले असम के मुख्यमंत्री ने उनकी मुस्लिम  पहचान बताते हुए उनको ‘हुसैन ओबामा’ कहा था।

धार्मिक स्वतंत्रता के मामले में प्रधानमंत्री मोदी का बचाव करते हुए निर्मला सीतारमण ने बराक ओबामा पर निशाना साधा। गौरतलब है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर उनकी प्रधानमंत्री मोदी से बात होती तो वे भारत के मुसलमानों के हालात को लेकर सवाल पूछते। इस पर पलटवार करते हुए निर्मला ने कहा- हम अमेरिका के साथ अच्छे रिश्ते चाहते हैं। लेकिन वहां भी भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने ओबामा का नाम लिए बगैर कहा- एक पूर्व राष्ट्रपति, जिनके शासन में छह मुस्लिमबहुल देशों पर 26 हजार से अधिक बम गिराए गए वो सवाल उठा रहे हैं। उनके आरोपों पर कोई कैसे भरोसा करेगा?

वित्त मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए रविवार को कहा- माननीय प्रधानमंत्री ने खुद अमेरिका में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि उनकी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है और किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं करती है। लेकिन तथ्य यह है कि लोग बिना वजह इस तरह के बहस में शामिल होते हैं और उन मुद्दों को उजागर करते हैं जो एक तरह से गैर जरूरी मुद्दे हैं।

निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 13 देशों की तरफ से सम्मान दिया गया है, जिनमें से छहदेश मुस्लिम बहुसंख्या वाले हैं।विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि वे चुनावी तौर पर बीजेपी या पीएम मोदी का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। इसलिए वे इस तरह के अभियान चला रहे हैं। इस तरह के अभियान में कांग्रेस की बड़ी भूमिका रही है। विपक्षी एकता की चल रही कवायद को लेकर सीतारमण ने कहा- मुझे नहीं पता वे किस उद्देश्य के लिए एक साथ आ रहे हैं। उनका एक मात्र एजेंडा भाजपा को हराना है। क्या वे बता रहे हैं वे लोगों के लिए क्या करेंगे?

Exit mobile version