Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा ने शुरू की तिरंगा यात्रा

राजनीतिक

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद देश भर में तिरंगा यात्रा शुरू की है। 11 दिन तक चलने वाली इस यात्रा की शुरुआत मंगलवार, 13 मई को हुई। देश के अलग अलग हिस्सों में भाजपा के वरिष्ठ नेता इस तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं। उनके साथ साथ केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी सहित अनेक बड़े नेता शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्वी दिल्ली के सांसद और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दुनिया के सामने पाकिस्तान बेनकाब हो गया है कि वह आतंकवाद से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत इसे बरदाश्त नहीं करेगा। गुजरात के अहमदाबाद में भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। चुनाव वाले राज्य बिहार में भाजपा की तिरंगा यात्रा बुधवार यानी 14 मई से शुरू होगी। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस बारे में जानकारी दी है। मध्य प्रदेश के इंदौर में भी बुधवार को यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल होंगे।

Exit mobile version