नई दिल्ली। चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों के लिए हुए दोवार्षिक चुनावों में भाजपा ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस उसे कही भी चुनौती नहीं दे सकी। कांग्रेस 28 में से एक भी सीट नहीं जीत पाई है। लेकिन उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में प्रादेशिक पार्टियों ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी। इन तीन के अलावा कर्नाटक में चार सीटों के चुनाव हुए थे, जिनमें से तीन पर भाजपा और एक सीट पर उसकी सहयोगी जेडीएस जीती है।
उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर विधान परिषद के चुनाव हुए थे। इनमें से छह सीटों पर भाजपा जीती है और पांच सीटें मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी ने जीती हैं। पहले सपा के पास तीन सीटें थीं और दो सीटों पर निर्दलीय जीते थे। इस बार सपा ने पांच सीटें जीती हैं। सपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव क्षेत्र वाराणसी की स्नातक और शिक्षक दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है। स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को हराया तो शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव ने प्रमोद मिश्रा को हराया। इसके अलावा राजधानी लखनऊ में सपा की कांति सिंह और इलाहाबाद-झांसी सीट पर सपा के मानसिंह यादव जीते। शिक्षक क्षेत्र में सपा ने आगरा और वाराणसी दो सीटों पर जीत हासिल की। गोरखपुर सीट पर कांटे की टक्कर में भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी सिर्फ 307 वोट से जीते। इसके अलावा भाजपा को शिक्षक क्षेत्र में मेरठ और लखनऊ में जीत मिली है, जबकि स्नातक क्षेत्र में आगरा और मेरठ-सहारनपुर में जीत मिली है।
बिहार में आठ सीटों पर चुनाव हुए थे, जिनमें से चार सीटें एनडीए के खाते में गई हैं, जबकि चार सीटें अन्य को मिली हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा 30 साल के बाद हारी है। राजद के डॉक्टर संजीव ने भाजपा को नवल किशोर यादव को हराया। भाजपा ने कोशी स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत शिक्षक सीट पर जीत हासिल की है। जनता दल को सिर्फ एक पटना स्नातक की सीट मिली है। दरभंगा शिक्षक सीट जनसुराज के सुरेश राय ने जीती है। सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय जीते हैं।
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों में से देर शाम तक चार के नतीजे आ गए थे। इनमें से दो सीटें सत्तारूढ़ गठबंधन यानी भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति ने जीती हैं और दो सीटें विपक्ष यानी महाविकास आघाडी के खाते में गई हैं। पुणे शिक्षक सीट पर भाजपा के कौस्तुभ गावडे और अमरावती शिक्षक सीट पर एकनाथ शिंदे की शिव सेना के किरण सरनाईक जीते हैं। महाविकास अघाड़ी में दोनों सीटें शरद पवार की एनसीपी को मिली हैं। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट और पुणे स्नातक सीट उनके उम्मीदवार जीते हैं। नागपुर स्नातक सीट पर देर शाम तक गिनती चल रही थी।
कर्नाटक में विधानसभा की चार सीटों पर चुनाव हुए थे और चारों सीटें एनडीए ने जीत ली हैं। भाजपा के पास पहले से तीन सीटें थीं, जिन पर वह फिर जीती है, जबकि बेंगलुरू की शिक्षक सीट पर भाजपा की सहयोगी जनता दल एस की जीत हुई है। उसने यह सीट कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी पुट्टन्ना को 908 वोटों से हरा कर जीती।
