कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। दूसरे चरण की 142 सीटों पर बुधवार को वोटिंग होगी और उस दिन शाम में अलग अलग एजेंसियों का ओर से एक्जिट पोल के अनुमान जारी होंगे। राज्य की बची हुई 142 सीटों के लिए सोमवार की शाम पांच बजे प्रचार समाप्त हुआ। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित इस चरण में 1,448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला राज्य के करीब तीन करोड़ 22 लाख मतदाता करेंगे। वोटों की गिनती चार मई को होगी।
दूसरे चरण के मतदान से पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने बाइक रैली और ग्रुप में बाइक चलाने पर रोक लगा दी है। हाई कोर्ट ने निर्देश दिया है कि मतदान से दो दिन पहले और 29 अप्रैल को मतदान के दिन इस तरह की गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने पहले के आदेश में संशोधन करते हुए ग्रुप में बाइकिंग को भी प्रतिबंध में शामिल किया है। हालंकि ऑफिस जाने वाले लोग, ऐप आधारित सेवाएं और परिवार के साथ मतदान के लिए जाने वालों को छूट दी गई है।
चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण व स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। 41 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी और सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी। पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें 93 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले थे। दूसरे चरण में भी मतदान का प्रतिशत 90 से ऊपर रहने का अनुमान है। दूसरे चरण की 142 सीटों में से पिछली बार ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने 123 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को सिर्फ 18 सीट मिली थी।
दूसरे चरण के मतदान से दो दिन पहले केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता का कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। सिद्ध नाथ गुप्ता 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वे 30 अप्रैल 2026 को रिटायर होने वाले थे। चुनाव आयोग ने मार्च में ही सिद्ध नाथ गुप्ता को बंगाल का नया डीजीपी नियुक्त किया था।
