Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सीजेपी का प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी ने ऐलान किया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने यह भी कहा है कि उन्होंने प्रदर्शन नहीं करने के किसी भी बॉन्ड पर दस्तखत नहीं किया है। असल में इससे पहले दिल्ली पुलिस ने बताया था कि अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास ने 11 अक्टूबर को दिल्ली कैंट की एसईएम कोर्ट में एक साल तक शांति बनाए रखने और अच्छे व्यवहार के लिए 50 हजार रुपए का जमानती मुचलका भरा, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें रिहा कर दिया।

हालांकि अभिजीत दीपके भले कह रहे हैं कि कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है लेकिन पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बॉन्ड की बात मानी। उन्होंने दिन में अन्य लोगों के साथ प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें कहा, ‘हमसे कहा गया कि एक साल तक शांति भंग नहीं होनी चाहिए, लेकिन शांति भंग करने का काम पीएम मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार ने किया है’। दास ने कहा, ‘हम पीछे नहीं हटेंगे। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे सड़कों पर उतरें। हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। हमें जहां रोका जाएगा, हम वहीं प्रदर्शन करेंगे’।

सौरव दास ने आरोप लगाया कि पूरे देश में भय का माहौल बनाया गया है और यह सब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि ज्ञानेश कुमार के पास ऐसा कौन सा राज है, जिसकी वजह से सरकार उन्हें पद से नहीं हटा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि आरएसएस भी ज्ञानेश कुमार को हटाने के पक्ष में है। दास ने सवालिया लहजे में कहा, ‘क्या 2024 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी से प्रधानमंत्री की जीत में भी ज्ञानेश कुमार की कोई भूमिका थी’?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद आशुतोष रांका ने कहा, ‘हम चार पूर्व मुख्यमंत्रियों अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, माणिक सरकार और पिनराई विजयन के आभारी हैं, जो कल सड़कों पर उतरे। हमें उम्मीद है कि सभी संगठन और राजनीतिक दल भविष्य में भी एकजुट होकर यह लड़ाई जारी रखेंगे’। उन्होंने कहा, ‘आज भी सीजेपी के कई साथियों को हिरासत में लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। पिछले कुछ दिनों में कई छात्रों को भी हिरासत में लिया गया और उनके साथ मारपीट हुई’।

Exit mobile version