Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सीजेपी पार्टी नहीं प्रेशर ग्रुप रहेगा

मुंबई। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने संगठन की दो दिन की बैठक से पहले बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि वे कोई राजनीतिक दल नहीं बनाएंगे। उन्होंने कहा है कि उनका संगठन प्रेशर ग्रुप की तरह काम करेगा। दीपके ने यह भी ऐलान किया कि वे झारखंड जाएंगे और पेपर लीक व परीक्षा की दूसरी गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को अपना समर्थन देंगे।

संभाजीनगर में दो दिन की बैठक से पहले दीपके ने बुधवार को कहा, ‘कॉकरोच जनता पार्टी फिलहाल राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी। अभी भारत को एक मजबूत प्रेशर ग्रुप की जरूरत है, इसलिए कॉकरोच पार्टी उसी भूमिका में काम करेगी’।  उन्होंने आगे कहा, ‘अगर हम राजनीतिक पार्टी बनाते, तो हमारा आंदोलन सफल नहीं होता। आंदोलन इसलिए सफल हुआ, क्योंकि अलग अलग विचारधाराओं और राजनीतिक दलों के लोग लोकतंत्र को कमजोर करने वाली चीजों के खिलाफ एक साथ आए। आज भारत को किसी नई राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि एक मजबूत जन आंदोलन की जरूरत है’।

बैठक शुरू होने  से पहले मीडिया से बातचीत में दीपके ने बताया कि इसमें जंतर मंतर आंदोलन की समीक्षा, ई-20 पेट्रोल, शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि संगठन को देश भर में कैसे मजबूत किया जाए।

अभिजीत दीपके ने यह भी कहा कि सीजेपी झारखंड जाएगी और वहां आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ खड़ी रहेगी। हम झारखंड के छात्रों की हर मांग का समर्थन करते हैं। सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि छात्र प्रदर्शनकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस कराने की मांग को लेकर सरकार से बातचीत चल रही है। घायल प्रदर्शनकारियों को कानूनी और मेडिकल मदद देने की भी तैयारी की जा रही है। सौरव ने बताया कि सोनम वांगचुक संगठन के मेंटर बने रहेंगे और संगठन समय समय पर उनसे सलाह लेगा।

Exit mobile version