नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने 12वीं के छात्रों को एक दिन का समय और दिया है। अब छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए रविवार, सात जून तक आवेदन दे सकेंगे। पहले उन्हें छह जून तक का समय दिया गया था। बोर्ड की ओर से बताया गया है कि पुनर्मूल्यांकन के लिए बने पोर्टल पर छात्रों के सामने आ रही समस्याओं को देखते हुए समय बढ़ाया गया है।
गौरतलब है सीबीएसई ने दो जून को सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन सहित दूसरी समस्याओं के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया था। इसके बाद कई छात्रों ने उत्तर पुस्तिका देखने और सत्यापन व पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने के दौरान कई तरह की दिक्कत आने की शिकायत की थी। हालांकि ऐसी शिकायतें नहीं आएं इसके लिए बोर्ड ने आईआईटी मद्रास और आईआईटी कानपुर को सर्वर का जिम्मा दिया था और 29 मई की बजाय एक जून से पुनर्मूल्यांकन शुरू करने का फैसला किया था। हालांकि आईआईटी के पास भी बहुत कम समय था।
इस बीच खबर है कि सीबीएसई ने अपने पोर्टल पर साइबर हमलों के मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। दिल्ली पुलिस ने मामले जांच शुरू कर दी है। बोर्ड के अनुसार, दो जून से शुरू हुए पोर्टल पर पिछले तीन दिन में लगातार साइबर हमले किए गए, जिन्हें समय रहते रोक दिया गया। ध्यान रहे पोर्टल एक जून से शुरू होना था लेकिन इसे दो जून से शुरू किया गया।
