Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नेपाल में बाढ़ से बढ़ी चिंता

नई दिल्ली। नेपाल में पिछले महीने अचानक आई बाढ़ के बाद अब एक बार फिर नई बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। नेपाल के पहाड़ी जिले गोरखा में रविवार सुबह थेरांग नदी में बाढ़ आ गई। इससे बिहार में प्रशासन अलर्ट हो गया है। अगर नेपाल पानी छोड़ता है तो गंडक और गंगा दोनों नदियों में जलस्तर और बढ़ेगा। ध्यान रहे इन दोनों नदियों में पानी पहले ही खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। बहरहाल, नेपाल में 26 अगस्त को आई बाढ़ में अब तक 1,344 शव मिल चुके हैं, जबकि करीब पांच हजार लोग अब भी लापता हैं।

नेपाल की बाढ़ और बारिश की वजह से बिहार में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राज्य के 18 जिले बाढ़ की चपेट में है। पटना के गांधी घाट पर गंगा ने 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। शनिवार को यहां जलस्तर 50.57 मीटर पहुंच गया। 2016 में 50.52 मीटर दर्ज किया गया था। उधर मध्य प्रदेश में नर्मदा सहित कई नदियां उफान पर हैं। बरगी, भदभदा और कलियासोत डैम के गेट खुल चुके हैं। प्रदेश में अब तक 30 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश हुई है। बारिश और बाढ़ की वजह से 26 जिलों के करीब चार लाख लोग परेशान हैं।

उधर सिक्किम के नगा फॉरेस्ट इलाके में नगा-टोसा रोड की नई सड़क कटिंग पर शनिवार देर रात भूस्खलन हुआ। यह भूस्खलन थेंग टनल के सामने तीस्ता और च्याकोऊंग नदियों के संगम के पास हुई। इससे दोनों नदियों का बहाव रुक गया और इलाके में पानी इकट्ठा होने लगा।

Exit mobile version