नई दिल्ली/पटना। एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्षी गठबंधन यानी ‘इंडिया’ ब्लॉक की रैली को लेकर कंफ्यूजन पैदा हो गया है। एक तरफ राहुल गांधी ने रविवार को लोगों से दिल्ली पहुंचने और रैली में शामिल होने की अपील की तो दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पटना में रविवार को कहा कि वे सोमवार को इस बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि कारोबारियों की चिट्ठी मिली है।
खड़गे ने रविवार को पटना में कहा कि, एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली पर जल्दी फैसला करेंगे। उन्होंने रविवार को कहा, ‘हमें कुछ व्यापारियों ने एक ज्ञापन सौंपा है। अगले कदम पर अंतिम फैसला लेने से पहले हम कल अपनी पार्टी और गठबंधन के अन्य सहयोगियों से चर्चा करेंगे’। गौरतलब है कि एक दिन पहले चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने राहुल गांधी से रैली टालने की अपील की है। उनका कहना है कि इससे व्यापार का घाटा होगा।
हालांकि राहुल गांधी रैली टालने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर कहा, ‘हमारे वोट चुराए जा रहे हैं, और हम किसी भी हाल में इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे’। उन्होंने आगे लिखा, ‘सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलाई गई हैं। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्ष की रैली में छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा और व्यापारियों को आना चाहिए’।
