Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

असम के कांग्रेस सांसद भाजपा में शामिल

गुवाहाटी। असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के सांसद प्रद्युत बोरदोलोई भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दिया था और बुधवार को असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मुझे घुटन महसूस हो रही थी। मेरा अपमान किया जा रहा था। प्रद्योत बोरदोलोई पहले तरुण गोगोई की सरकार में लंबे समय तक मंत्री रहे थे। वे असम की नौगांव सीट से सांसद हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और राज्य के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने उनके मनाने का प्रयास भी किया था।

बोरदोलोई के कांग्रेस छोड़ने और भाजपा में शामिल होने पर असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि पार्टी के भीतर मतभेद होते रहते हैं। हम सबने मतभेद देखे हैं और अपनी राय भी रखी है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि एक सीट को लेकर मतभेद होने पर पार्टी छोड़कर विरोधी दल में शामिल होना सही कारण है।

उधर भाजपा नेता और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पार्टी 126 विधानसभा सीटों में से 89 पर चुनाव लड़ेगी। बाकी 37 में से असम गण परिषद 26 सीटों पर और  बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस बार भाजपा ने अपनी सहयोगी यूपीपीएल को गठबंधन में नहीं शामिल किया है।

Exit mobile version