Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एआई समिट में कांग्रेस का प्रदर्शन

नई दिल्ली। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 कई कारणों से विवादों में घिरा था। लेकिन अब तक हुए विवादों में भाजपा और केंद्र सरकार निशाने पर थी। लेकिन समिट के आखिरी दिन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एआई समिट के बीच कपड़े उतार कर प्रदर्शन किया और अपनी पार्टी को कठघऱे में खड़ा करा दिया। भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस के ऊपर इतने बड़े सम्मेलन के खिलाफ साजिश रचने और इसमें बाधा डालने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया में भी कांग्रेस इसे लेकर निशाने पर आई है।

असल में शुक्रवार को समिट के आखिरी दिन भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत और अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें 15 से 20 की संख्या में कार्यकर्ता हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए हैं। टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोटो लगी है। उस पर लिखा था, ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’। पुलिस ने बताया है कि प्रदर्शनकारियों ने एंट्री के लिए रजिस्ट्रेशन कराए थे।

दिल्ली पुलिस ने इस सिलसिले में चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें यूथ कांग्रेस के सचिव कृष्णा हरि भी शामिल हैं। उनके अलावा बिहार के राज्य सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश स्टेट उपाध्यक्ष अजय कुमार और नेशनल कोऑर्डिनेटर नरसिम्हा यादव शामिल हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने साजिश के तहत एक वैश्विक सम्मेलन में भारत की छवि धूमिल की है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इसके लिए सीधे राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इसकी प्लानिंग राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई थी, जहां सोनिया और प्रियंका मौजूद थीं।

Exit mobile version