Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस-सपा का तालमेल अटका

New Delhi, Feb 06 (ANI): Lok Sabha LoP and Congress MP Rahul Gandhi and Samajwadi Party chief Akhilesh Yadav attend the protest by the DMK students wing against the University Grants Commission (UGC) draft rules, at Jantar Mantar in New Delhi on Thursday. (ANI Photo)

नई दिल्ली। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच विधानसभा सीटों के बंटवारे का काम अटक गया है। बुधवार को तीसरे दौर की वार्ता होनी थी, लेकिन इसे लेकर कोई खबर नहीं आई। इससे पहले मंगलवार को दूसरे दौर की बातचीत में सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया, जिस पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई। बाद में देर रात सपा ने पांच उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। साथ ही अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख कर कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात कही।

इस बीच कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी किसी हाल में एक सौ से कम सीट नहीं लड़ेगी। इससे पहले मंगलवार की बातचीत के बाद उन्होंने कहा था कि वार्ता सद्भावपूर्ण माहौल में चल रही है और जल्दी ही समझौता हो जाएगा। गौतम ने अपनी पार्टी के सांसद इमरान मसूद का समर्थन करते हुए कहा कि वे सहारनपुर के सांसद हैं इसलिए वहां की सीटों की घोषणा से वे आहत हुए हैं। गौतम ने कहा, ‘सपा की सरकार बने और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनें, इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन कांग्रेस को भी अपनी पार्टी मजबूत करनी है’।

गौरतलब है कि मसूद ने सहारनपुर की सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। उन्होंने सपा को छोड़ कर बसपा से तालमेल की बात भी कही है। मसूद ने कहा, ‘हम कोई भिखारी नहीं हैं, जो अखिलेश से कुछ मिलने का इंतजार करें। बिना चर्चा के आपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया, फिर हम बात ही क्यों कर रहे हैं’? एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने मायावती की जमकर तारीफ की। इमरान मसूद ने कहा, ‘अगर बहनजी कमरे से बाहर निकलें तो प्रदेश की तस्वीर बिल्कुल बदल जाएगी’। कांग्रेस का बसपा से गठबंधन होगा या नहीं? इस सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, ‘इसका फैसला राहुल गांधी और खड़गे साहब को करना है, मुझे नहीं’।

उधर समाजवादी पार्टी के सांसद और बातचीत की कमेटी में शामिल राजीव राय ने कहा, ‘बातें सौहार्दपूर्ण वातावरण में चल रहा है और अभी भी हमें उम्मीद है जब दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व इस बात पर साफ है कि बीजेपी को हराना है तो मिलकर ही हरा सकते हैं ना , तो मिलकर ही हराएंगे’। दूसरी ओर बातचीत में शामिल सपा की सांसद इकरा हसन ने कहा है कि सपा अपनी जीती हुई सीटों पर कोई समझौता नहीं करेगी।

Exit mobile version