नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि वोट चोरी और चुनाव चोरी के आरोपों के बावजूद उनकी पार्टी चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगी। यानी चुनाव लड़ती रहेगी। अमेरिका के दौरे पर राहुल गांधी ने अपनी यात्रा के दूसरे दिन शिकागो में एक बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में लोकतंत्र का ढांचा पूरी तरह से चरमरा गया है। राहुल ने फिर यह दावा किया कि उनको चुनाव आय़ोग के अंदर से खबरें मिल रही हैं।
असल में राहुल बार बार कह रहे थे कि भारत में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है और चुनाव चोरी किए जा रहे हैं। इस पर उनसे पूछा गया था कि ऐसे में उनकी पार्टी चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं करती है। इसका जवाब देते हुए राहुल ने कहा कि चुनावों का बहिष्कार करने से लोकतंत्र पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं होने देना चाहती है।
राहुल गांधी ने एक बार फिर यह दोहराया कि 2024 का लोकसभा चुनाव वैध नहीं था। उन्होंने कहा कि चुनाव में कई फर्जी मतदाता थे। एक ब्राजीलियाई महिला के नाम से विधानसभा चुनाव में 23 बार वोट डाले गए, जबकि वह कभी भारत आई ही नहीं। शिकागो यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में ही राहुल से यह भी बताया कि उनकी पार्टी या भारत का विपक्ष इतनी गड़बड़ी के बावजूद चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं करता।
अमेरिका में दिए राहुल गांधी के बयानों पर भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस को राहुल को विदेश भेजने पर पैसा खर्च करने की बजाय उनका एआई मॉडल भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल बार बार एक ही बातें दोहराते हैं, एआई मॉडल उनसे बेहतर काम कर सकता है। इससे पहले राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भी चुनावी गड़बड़ियों की बात कही थी और साथ ही यह भी कहा था भारत की अर्थव्यवस्था तबाही की कगार पर है।
बहरहाल, राहुल ने चुनाव बायकॉट की बात पर कहा, ‘हम जान बूझकर चुनावी बहिष्कार का कदम नहीं उठा रहे हैं। चुनाव आयोग खुद अब अंदर से हमें जानकारी दे रहा है। इसलिए यह ढांचा कब ढहेगा, यह सिर्फ समय की बात है’। उन्होंने आगे कहा, ‘चुनाव आयोग में वरिष्ठ लोग अब कह रहे हैं कि हम यह और नहीं कर सकते’।
राहुल ने बातचीत के दौरान कहा, ‘हम गैर लोकतांत्रिक भारत स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी की बात नहीं है। यह भारत के अधिकांश लोगों की भावना है’। उन्होंने विपक्ष के आंदोलन और प्रदर्शनों को लेकर कहा, ‘विपक्ष यह सुनिश्चित करेगा कि लोगों की बिना डर अपनी बात कहने की सबसे बड़ी ताकत फिर से बहाल हो। यह ताकत आगे भी भारत की सबसे बड़ी शक्ति बनी रहेगी। हम यह लड़ाई लड़ रहे हैं और मुझे यह कहते हुए खुशी है कि हम यह लड़ाई जीत रहे हैं’।
