Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

प्रदूषण से दिल्ली का बुरा हाल

नई दिल्ली। बढ़ती ठंड, वायु प्रदूषण और धुंध व धुएं मोटी परत से दिल्ली का बुरा हाल है। शनिवार को पूरे दिन स्मॉग छाया रहा। तापमान गिर गया और कई जगह पर वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई का स्तर सबसे ऊपर यानी पांच सौ तक पहुंच गया। सरकारी मॉनिटरिंग सेंटर्स पर इससे ज्यादा का पैमाना नहीं है। शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 451 रहा। यानी पूरी दिल्ली में और पूरे समय हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रही। रविवार को हालात और बिगड़ने की आशंका है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि शनिवार की आधी रात से पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा, जिससे दिल्ली में ठंड बढ़ेगी और साथ ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ सकता है। ध्यान रहे दिल्ली में ग्रेडड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप का चौथा चरण लागू है फिर भी प्रदूषण में कमी नहीं आ रही है। सिरसा ने कहा है कि पाबंदियों के बावजूद कई जगह निर्माण कार्य होने की सूचना है। उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली यानी एक्यूईडब्लुएस ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिन में पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदूषण का स्तर और बिगड़ सकता है। रविवार और सोमवार को भी यह ‘गंभीर’ श्रेणी में रह सकता है। पर्यावरण मंत्री सिरसा ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली का मौसम और बिगड़ सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवा की स्पीड कम हो सकती है, जिससे स्तर और बिगड़ है।

सिरसा ने कहा कि गेरौप का चौथा चरण लागू होने के बाद भी कुछ जगहों पर निर्माण कार्य जारी रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। दिल्ली सरकार ने ऐसे लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि खराब मौसम में निर्माण करने वालों की इमारतों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जूनियर इंजीनियर और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को भी जिम्मेदार माना जाएगा। दिल्ली के अंदर कोई भी अधिकृत इलाके में भी किसी प्रदूषण फैलाने वाले उद्योग को नहीं चलने दिया जाएगा।

गौरतलब है कि दिल्ली और एनसीआर में शनिवार की सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। दोपहर बाद भी कोहरे की घनी चादर छायी रही। प्रदूषण के साथ ही ठंड भी बढ़ गई है। दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में अगले छह दिन जबरदस्त कोहरा पड़ने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। दिल्ली में 25 दिसंबर यानी क्रिसमस तक तापमान आठ से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। अनुमान है कि घना कोहरा अगले पूरे हफ्ते छाया रहेगा।

Exit mobile version