Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के दूसरे दिन मंगलवार को लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए लाए गए विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। लोकसभा में विपक्ष के उप नेता गौरव गोगोई ने स्पीकर और सरकार के ऊपर जम कर हमला किया। दूसरी ओर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने विपक्ष और खास कर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाने की बात भी कही। बाद में प्रियंका ने कहा कि राहुल अकेले नेता हैं, जो बिना डरे अपनी बात कहते हैं।

बहरहाल, अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 10 घंटे का समय तय हुआ है। चर्चा की शुरुआत करते हुए गौरव गोगोई ने कहा कि बजट सत्र के दौरान 20 बार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रोका या टोका गया। उन्हें बार बार नियम की किताब दिखाई गई। गोगोई ने कहा की राहुल ने अपने भाषण में एक आर्टिकल का हवाला दिया। इस पर उन्हें मना किया गया, लेकिन सत्ता पक्ष के सांसदों ने भारत में प्रतिबंधित किताबें सदन में दिखाईं। उनसे कुछ नहीं कहा गया। इस तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं है।

गौरव गोगोई ने महिला सांसदों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, ‘ओम बिरला जी ने पीएम मोदी के समय कहा था कि महिला सांसदों ने पीएम की चेयर घेर ली है। उनके साथ कुछ भी हो सकता था। ये बहुत ही शर्मनाक बात है। बिरला ने किस आधार पर महिला सांसदों पर ये आरोप लगाए’। गोगोई ने माइक बंद किए जाने की नई परंपरा शुरू होने का भी जिक्र किया।

दूसरी ओर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा, ‘इन लोगों ने पहले आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया जाता है। जब सेशन चलता है, तो वे विदेश चले जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष अपनी बात बोल के सदन से भाग जाते हैं। किसी और की बात नहीं सुनते हैं। फिर कहते हैं कि मुझे बोलने नहीं दिया जाता है। प्रियंका को लीडर ऑफ अपोजिशन बनाते तो कुछ अच्छा होता’।

इस पर सदन में मौजूद प्रियंका गांधी वाड्रा मुस्कुराईं। हालांकि कांग्रेस सांसदों ने इस पर हंगामा किया। तब रीजीजू ने कहा, ‘मैंने अच्छा बोला है। कांग्रेस क्यों नाराज हो रही है’। बाद में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि एक ही व्यक्ति है इस देश में जो इन 12 सालों में इनके सामने झुका नहीं। वह नेता प्रतिपक्ष है। और वो नेता प्रतिपक्ष इस सदन में खड़े होके इनके सामने सच बोल देते हैं। सच्चाई वो जो बोलते हैं वह इनसे पचती नहीं है।

Exit mobile version