Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप का भारत पर टैरिफ वार

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ का बड़ा वार किया है। उन्होंने भारत के ऊपर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है और साथ ही यह भी कहा है कि भारत पर जुर्माना भी लगेगा क्योंकि उसने रूस से तेल खरीदा है। ट्रंप की ओर से बढ़ाया गया टैरिफ एक अगस्त से लागू हो जाएगा। ट्रंप ने एक अगस्त से 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा करते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि भारत, रूस से हथियार और ऑयल खरीद रहा है, इसलिए उस पर जुर्माना भी लगाएंगे।

गौरतलब है कि ट्रंप ने अप्रैल में टैरिफ बढ़ाने के बाद उसे तीन महीने के लिए रोक दिया था। उस रोक की अवधि खत्म हुई तो उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार संधि नहीं करने वाले देशों को एक महीने की मोहलत दी और कहा कि अगर व्यापार संधि नहीं होती है तो एक अगस्त से टैरिफ लगेगा। भारत की अमेरिका के साथ व्यापार की वार्ता चल रही है लेकिन कृषि और डेयरी उत्पादों को लेकर अंतिम समझौता नहीं हो पा रहा है। खबर है कि अमेरिकी टीम 25 अगस्त को भारत से वार्ता करने नई दिल्ली आएगी। उससे पहले ट्रंप ने 25 फीसदी टैरिफ लाद दिया और जुर्माने का ऐलान भी कर दिया।

ट्रंप ने टैरिफ की घोषणा के साथ एक और पोस्ट में कहा कि अमेरिका के साथ भारत का व्यापार घाटा बहुत ज्यादा है, इसलिए वे भारतीय सामानों पर टैरिफ लगा रहे हैं। ट्रंप ने  अपनी पोस्ट में लिखा, ‘भारत, अमेरिका का दोस्त है, लेकिन पिछले कुछ सालों में अमेरिका ने उसके साथ कम व्यापार किया है क्योंकि उसके टैरिफ बहुत ज्यादा हैं। दरअसल, भारत की कई नीतियां ऐसी हैं जो अमेरिकी कंपनियों को व्यापार करने में मुश्किलें पैदा करती हैं’।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे लिखा, ‘भारत आज भी अपने ज्यादातर हथियार रूस से खरीदता है। इतना ही नहीं, चीन के साथ मिलकर भारत, रूस से बड़ी मात्रा में तेल और गैस भी खरीदता है, जबकि पूरी दुनिया चाहती है कि रूस यूक्रेन में हिंसा रोके। इन सब वजहों से अब अमेरिका ने फैसला किया है कि भारत से आने वाले सामानों पर एक अगस्त से 25 फीसदी टैरिफ लगाएगा। इसके अलावा जुर्माना भी लगाया जाएगा।

इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने 17 जुलाई को कहा था कि जल्दी ही अमेरिकी उत्पादों को भारत के बाजारों में पहुंच मिलने वाली है। इंडोनेशियाई फॉर्मूले की तरह अमेरिकी उत्पादों पर भारत में भी जीरो टैरिफ लगेगा। ट्रंप ने लिखा था, हमने कई देशों के साथ समझौते किए हैं। हमारा एक और समझौता होने वाला है, शायद भारत के साथ। हम बातचीत कर रहे हैं। जब मैं लेटर भेजूंगा तो वो समझौता हो जाएगा’। हालांकि भारत ने जीरो टैरिफ वाले समझौते की कभी पुष्टि नहीं की।

Exit mobile version