नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रही जंग थमने के बाद विवाद का सबसे बड़ा कारण बने होर्मुज की खाड़ी को खोलने का प्रयास शुरू हो गया है। इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन ने कहा है कि होर्मुज की खाड़ी में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही तय करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उसने कहा कि समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा और सुरक्षित नेविगेशन सबसे जरूरी है। उधर थाईलैंड ने बताया है कि युद्ध के शुरुआती दिन में होर्मुज की खाड़ी पार करते वक्त उसके जहाज पर हुए हमले में चालक दल के तीन सदस्यों की मौत हो गई।
बहरहाल, युद्धविराम लागू ने के बाद कच्चे तेल की कीमत में 15 फीसदी से ज्यादा की गिरावट हुई है। बुधवार को दाम करीब 15 डॉलर गिरकर 94.27 डॉलर प्रति बैरल पर आ गए हैं। खबरों के मुताबिक, यह करीब 6 साल में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। एक दिन पहले कच्चे तेल की कीमत 109.27 डॉलर प्रति बैरल थी। 28 फरवरी को जंग शुरू होने से पहले कच्चा तेल 73 डॉलर प्रति बैरल था। जंग के दौरान दाम बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गए थे।
