Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव की घोषणा

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने राज्यसभा के दोवार्षिक चुनावों की घोषणा कर दी है। इस साल तीन चरण में दोवार्षिक चुनाव होंगे। अप्रैल में खाली हो रही 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान बुधवार को किया गया। 37 सीटों के लिए छह मार्च तक नामांकन होंगे और 16 मार्च को चुनाव कराया जाएगा। जो सीटें खाली हो रही हैं उनमें 12 एनडीए के पास हैं, 25 पर विपक्ष का कब्जा है। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र की सात सीटें हैं।  तमिलनाडु की छह और पश्चिम बंगाल व बिहार की पांच-पांच सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। मई में कुछ और सीटों पर चुनाव होंगे और नवंबर में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की 10 सीटों पर चुनाव होंगे।

बहरहाल, अप्रैल में जिन बड़े नेताओं की सीट खाली हो रही है उनमें शरद पवार, तिरूचि शिवा, कनिमोझी का नाम भी है। केंद्रीय मंत्रियों रामदास अठावले और भागवत कराड की सीट भी खाली हो रही है। राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह की सीट भी खाली हो रही है। इन 37 सांसदों का कार्यकाल दो और नौ अप्रैल को खत्म हो रहा है। अगर सीटों की संख्या से ज्यादा नामांकन हुए तो 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच वोटिंग होगी और उसी दिन शाम पांच बजे वोटों की गिनती की जाएगी। चुनाव आयोग ने कहा है कि वोट डालते समय केवल रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से दिए गए तय मानक का वॉयलेट रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल होगा। किसी अन्य पेन का उपयोग मान्य नहीं होगा।

Exit mobile version