Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली। फुल इमरजेंसी के बीच शनिवार को इंडिगो की एक उड़ान की लैंडिंग दिल्ली हवाईअड्डे पर कराई गई। विमान का एक इंजन फेल हो गया था। यह विमान विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहा था। इंडिगो की उड़ान 6ई 579 की शनिवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में 160 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

बताया गया है कि सुबह 10 बज कर 40 मिनट पर दिल्ली के पास पहुंचते समय विमान के इंजन नंबर एक में खराबी आई। पायलट को सीएफएम 56 इंजन में तेज कम्पन महसूस हुआ, इसके बाद इंजन बंद हो गया। पायलटों ने इमरजेंसी घोषित की। दिल्ली एयरपोर्ट से मदद मांगी। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक सुबह 10.53 बजे इमरजेंसी कॉल आई। टीम को अलर्ट पर रखा गया। इसके बाद 11 बजने से एक मिनट पर विमान ने रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य उतारे गए।

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट के रनवे 28 पर ‘फुल इमरजेंसी’ लागू की गई थी। मानक संचालन प्रक्रिया के तहत रनवे के चारों ओर दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस मौजूद थीं। बताया गया है कि जिस बोइंग 737 विमान के इंजन में खराबी आई, वह तुर्की की कोरेनडन एयरलाइंस से वेट लीज पर लिया गया है। घटना की जानकारी अधिकारियों को दी गई। विमान की जांच और जरूरी मेंटेनेंस का काम किया जा रहा है।

Exit mobile version