Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा नेताओं से मिलने दिल्ली पहुंचे चम्पई

नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन एक बार फिर दिल्ली पहुंचे हैं। इस बार उनको भाजपा नेताओं से मिलना है। पिछली बार तीन दिन तक दिल्ली रहने के बाद वे लौट गए थे और जमशेदपुर जाकर अपनी पार्टी बनाने का ऐलान किया था। सोमवार को वे अचानक दिल्ली पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनकी भाजपा में शामिल होने की बातचीत हो रही है। इस बीच खबर है कि बोरियो विधानसभा सीट के जेएमएम विधायक लोबिन हेम्ब्रम की बात हो गई है और वे भाजपा में शामिल होंगे।

गौरतलब है कि चम्पई सोरेन ने अभी तक हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल से इस्तीफा नहीं दिया है। वे मंत्री बने हुए हैं और अलग पार्टी बनाने या भाजपा में जाने की बातचीत भी कर रहे हैं। बहरहाल, एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने कहा- में अपने काम से 2 दिन के लिए दिल्ली आया हूं। अभी कोई फैसला नहीं किया है। आगे क्या करूंगा बाद में बताऊंगा।

कहा जा रहा है कि भाजपा नेताओं से मुलाकात में उनकी बात बन जाती है तो वे झारखंड मुक्ति मोर्चा से और मंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच, असम के मुख्यमंत्री और झारखंड चुनाव के सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है- मैं चाहता हूं कि चम्पई सोरेन भाजपा में आएं और हमें ताकत दें। चम्पई सोरेन के सामने तीन रास्ते हैं, वो अभी दिल्ली में हैं उनके साथ बातचीत का रास्ता खुला है आगे जाकर क्या होता है देखते हैं। मैं तो चाहता हूं हेमंत सोरेन भी भाजपा में आएं।

गौरतलब है कि चम्पई सोरेन पिछले हफ्ते दिल्ली आए थे। लेकिन तीन दिन रूकने के बाद वे कोलकाता होते हुए जमशेदपुर लौट गए। अब फिर वे दिल्ली आए हैं। बताया जा रहा है कि उनके साथ उनके दोनों बेटे भी हैं। उनके प्रेस सलाहकार भी उनके साथ हैं। इससे पहले चम्पई सोरेन ने कहा था कि वे अपना नया अध्याय शुरू करेंगे। उन्होंने नई पार्टी बनाने का संकेत दिया था। लेकिन दोबारा दिल्ली की यात्रा से सस्पेंस बढ़ गया है।

Exit mobile version