त्रिशूर। तमिलनाडु की पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के दो दिन बाद अब केरल में एक पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका हुआ है। इसमें 13 लोगों की जान चली गई है। हादसा केरल के त्रिशूर जिले में मंगलवार दोपहर साढ़े तीन के करीब हुआ। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि फैक्टरी में लगी आग में कई लोग झुलस गए। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, मौके से 10 शव मिले, जबकि तीन लोगों के शरीर के हिस्से मिले है। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 17 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। बताया गया है कि पटाखे खेतों के बीच बने शेड में बनाए जा रहे थे। हादसे के समय वहां करीब 40 लोग मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में मरने वाले लोगों के लिए संवेदना जताई और मृतकों के परिवार को दो दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार के मुआवजे का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं’।
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि त्रिशूर हादसे में घायल लोगों के इलाज के लिए त्रिशूर मेडिकल कॉलेज, जनरल अस्पताल और आसपास के अस्पतालों में व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में मास कैजुअल्टी प्रोटोकॉल लागू किया गया है। बर्न यूनिट तैयार रखी गई है। इसके अलावा आसपास के चार जिलों डॉक्टरों की टीमें भी इलाज में मदद के लिए भेजी जा रही हैं। इससे दो दिन पहले रविवार को तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्टरी में धमाका हुआ था। हादसे में 25 लोगों की मौत हुई थी।
