श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में पिछले दिनों इस साल का पहला आतंकवादी हमला हुआ, जिसमें एक हेड कॉस्टेबल शहीद हो गए। अब बारामूला जिले के उड़ी सेक्टर से सीमा पर मंगलवार को एक बड़ा लैंड माइंस विस्फोट हुआ, जिसमें भारतीय सेना के दो जवान घायल हो गए। यह एक बेहद चिंताजनक घटना है।
बारूदी सुरंग के विस्फोट की घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सेना ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उड़ी के कामालकोट सब सेक्टर में स्थित अपर गढ़ फॉरवर्ड पोस्ट के करीब हुई। यह बेहद संवेदनशील इलाका है और यहां 12 इन्फैंट्री ब्रिगेड के तहत आठ राष्ट्रीय राइफल्स की टुकड़ी तैनात है। यह पूरा क्षेत्र उरी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है।
बताया गया है कि मंगलवार को जब जवान अपनी नियमित गश्त और ड्यूटी पर थे, तभी अचानक एक पुरानी माइन में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में उसकी आवाज सुनी गई। इस विस्फोट की चपेट में आकर दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवानों की पहचान दफादार विजय कुमार और नायक शरणप्पा अंगारी के रूप में हुई है। दोनों आठ राष्ट्रीय राइफल्स से जुड़े हैं।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायल जवानों को घटनास्थल से सुरक्षित निकाला गया। मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें तुरंत हेलीकॉप्टर से श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस अस्पताल में ले जाया गया। फिलहाल दोनों का इलाज बेस अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत पर सेना के वरिष्ठ डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
