नई दिल्ली। ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में की गई गोलीबारी की वजह से दो भारतीय मालवाहक जहाजों के मार्ग बदलने के लिए मजबूर होने की घटना को लेकर नयी दिल्ली में तैनात ईरानी राजदूत मोहम्मद फताअली को विदेश मंत्रालय ने शनिवार को तलब किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर राजदूत के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। आधिकारिक तौर पर फताअली को विदेश मंत्रालय में तलब करने को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। ईरान द्वारा शुक्रवार को जलमार्ग खोलने की घोषणा के बाद कई वाणिज्यिक जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने का प्रयास किया। ईरान ने शनिवार को अमेरिका पर दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और घोषणा की कि उसने एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है। वाणिज्यिक जहाजों की गतिविधियों पर नजर रखने वाले पोर्टल ने बताया कि ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ की गोलीबारी की खबरों के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में दो भारतीय जहाजों को अपना रास्ता बदलना पड़ा।
भारतीय जहाजों पर गोलीबारी, ईरानी राजदूत तलब
