Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही उड़ान वापस लौटी

पाकिस्तान

मुंबई। बम की धमकी के कारण मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहा एयर इंडिया का विमान सोमवार की सुबह वापस लौट आया। साढ़े आठ घंटे से ज्यादा की उड़ान भर चुकने के बाद विमान के टॉयलेट में एक नोट मिला, जिस पर विमान में बम होने की चेतावनी लिखी गई थी। उसके बाद विमान वापस मुंबई लौटा। एयर इंडिया की उड़ान एआई-119 मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही थी। आठ घंटे 37 मिनट की उड़ान के बाद फ्लाइट को मुंबई लौटाया गया। विमान में चालक दल के 19 सदस्यों सहित 322 यात्री सवार थे। एयर इंडिया ने बताया कि विमान के वॉशरूम में एक नोट मिला, जिसमें बम की धमकी दी गई थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए रास्ते से ही विमान को वापस मुंबई लाने का फैसला किया गया।

एयर इंडिया का यह विमान सुबह करीब साढ़े 10 बजे मुंबई पहुंचा। विमान ने मुंबई हवाईअड्डे के टर्मिनल जो से रात पौने दो बजे न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरी थी। एयरलाइन ने कहा कि उड़ान को अब 11 मार्च सुबह पांच बजे के लिए रिशेड्यूल किया गया है। उससे पहले मुंबई लौटने पर यात्रियों को होटल आवास, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई गईं। एयर इंडिया ने कहा, ‘हमारी टीम जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रही है ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो। हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यात्रियों और क्रू की सुरक्षा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं’।

इससे पहले छह मार्च को शिकागो से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान के पांच घंटे बाद शिकागो वापस लौटना पड़ा था। सोमवार को पता चला है कि तकनीक खराबी नई आई थी, बल्कि विमान के 12 में से आठ टॉयलेट जाम हो गए थे, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही थी। विमानन कंपनी के एक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए समय पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।

Exit mobile version