Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सोनिया की किताब का औपचारिक विमोचन

नई दिल्ली। सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ वैसे तो 10 नवंबर से ही बाजार में बिक रही है और ई कॉमर्स साइट्स पर उपलब्ध है लेकिन सोमवार को इसका औपचारिक विमोचन किया गया। भव्य कार्यक्रम में दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में किताब का औपचारिक विमोचन हुआ। इस मौके पर सोनिया गांधी ने अपने जीवन से जुड़ी कई रोचक बातें बताईं। उन्होंने कहा कि वे पहले इंदिरा गांधी से बात करने में डरती थीं। सोनिया ने बताया कि राहुल और प्रियंका के कहने पर उन्होंने किताब लिखी।

सोमवार की शाम को हुए इस कार्यक्रम में किताब रिलीज होने से पहले सोनिया के जीवन पर शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘राजीव गांधी नहीं रहे तो मैं टूट गई थी। राहुल-प्रियंका ने संभाला, वही मेरे माता-पिता बन गए थे’। सोनिया ने आगे कहा, ‘मैं हमेशा से अपने अंदर की भावनाओं और चीजों, लोगों और जगहों के बारे में जो महसूस करती हूं, उसे जाहिर करने में बहुत हिचकिचाती रही हूं। इसलिए, मैंने इसे एक तरह से नजरअंदाज कर दिया। लेकिन फिर, धीरे-धीरे, राहुल और प्रियंका दोनों के और मेरी एक प्यारी दोस्त मंजुलिका दुबे के जोर देने पर, मैं किताब लिखने के लिए मान गई’।

इस कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कांग्रेस शासित चारों राज्यों हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरलम और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

किताब को लेकर राहुल गांधी ने कहा, “मेरे माता-पिता को लेकर कई तरह की कहानियां और किस्से प्रचलित थे। उनमें से एक मशहूर कहानी यह थी कि उनकी मुलाकात कैम्ब्रिज के ‘वर्सिटी रेस्टोरेंट’ में हुई थी। कई साल बाद एक बार मैं कैम्ब्रिज गया हुआ था। उस समय मेरी गर्लफ्रेंड भी मेरे साथ थी। मैंने उससे कहा- चलो वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं। मैं देखना चाहता था कि आखिर वह जगह कौन-सी है, जहां मेरे माता-पिता पहली बार मिले थे”।

Exit mobile version