Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सीएम पर फेंके अंडे, टमाटर

लुधियाना। अब तक सत्तारूढ़ पार्टियों के कार्यकर्ता विरोधी पार्टियों के नेताओं के ऊपर अंडे और टमाटर फेंकते थे। लेकिन पंजाब में उलटा हुआ है। पंजाब में सिर्फ दो विधायकों वाली पार्टी भाजपा के नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ऊपर अंडे और टमाटर फेंके। हैरानी की बात यह है कि अंडे और टमाटर फेंकने वाली भीड़ का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने किया, जिनके दादा बेअंत सिंह पंजाब के सीएम रहे हैं। एक दिन पहले उनके ऊपर अंडे फेंके गए थे।

रवनीत सिंह बिट्टू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को लुधियाना में मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले पर अंडे, टमाटर फेंके। बिट्टू ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के गेट के पास मुख्यमंत्री के काफिले की ओर शराब की बोतल लहराते हुए कहा कि वे मान को बोतल लौटा रहे हैं। उन्होंने बोतलें फेंकते हुए कहा, ‘भगवंत मान अपनी शराब का आनंद लो और अरविंद केजरीवाल को दिल्ली से पंजाब को लूटने दें’।

प्रदर्शन के दौरान पंजाब पुलिस ने बिट्‌टू को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद बिट्टू के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘लोगों की आवाज को हिरासत और पर्चे से दबाया नहीं जा सकता। आज पंजाब पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है, लेकिन हमारा हौसला बुलंद है’। गौरतलब है कि एक दिन पहले भाजपा की नशा मुक्त रथ यात्रा शुरू होने से पहले पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू के काफिले पर हमला हो गया था। उस समय वे अमृतसर से पठानकोट में यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

Exit mobile version