Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर चार नक्सली मारे गए

रायपुर। नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र की सीमा पर शुक्रवार को चार नक्सलियों को मार गिराया। महाराष्ट्र के सी 60 कमांडोज ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि खुफिया सूचना के आधार पर सीआरपीएफ के तीन सौ जवानों की टीम ने जंगल के बीच नक्सलियों को घेर लिया था। वहीं मुठभेड़ में ये नक्सली मारे गए। उनके पास से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए हैं। मामला कवांडे और नेलगुंडा इलाके का है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह नेलगुंडा इलाके में नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका जवानों ने जवाब दिया। करीब दो घंटे तक रूक रूककर  गोलीबारी होती रही। बाद में तलाशी के दौरान चार नक्सलियों के शव, एक सेल्फ लोडिंग राइफल, एक 303 राइफल और एक बंदूक बरामद की गई।

उधर सुकमा में भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक नक्सली के मारे जाने की खबर है। सुकमा पुलिस ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। यह मामला किस्टाराम थाना क्षेत्र का है। गौरतलब है कि एक दिन पहले सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर तुमरेल क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ हुई। इसमें कोबरा बटालियन का एक जवान शहीद हो गया है। शुक्रवार को जवान का अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कोबरा बटालियन के मेहुल सोलंकी के पार्थिव शरीर को कंधा दिया।

Exit mobile version