Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन भोगियों को तोहफा

सरकार ने दिवाली से ठीक पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन भोगियों को तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बढ़ी हुई दरें गत एक जुलाई से लागू होंगी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस निर्णय के अंतर्गत केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत दर में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। अभी यह दर मूल वेतन और पेंशन की 60 प्रतिशत है। बढ़ोतरी के बाद यह 63 प्रतिशत हो जाएगी।

Also Read : चक्रवात ‘अर्णब’ : कोलकाता हवाई अड्डे पर विमान सेवाएं बाधित

श्री वैष्णव ने कहा कि इस फैसले से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशन भोगियों को फायदा होगा। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर हर साल 10,016.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।

सरकार ने बताया कि यह बढ़ोतरी सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर तय फॉर्मूले के अनुसार की गई है। इसका उद्देश्य बढ़ती कीमतों के असर की भरपाई करना है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version