चंडीगढ़। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा दांव चला है। वे रविवार को पंजाब के जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने रविदासिया समाज के सबसे बड़े धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में श्रद्धालुओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने संत निरंजन दास के पैर भी छुए। उन्होंने श्री गुरु रविदास जी महाराज हवाईअड्डे का उद्घाटन भी किया। पहले इसका नाम आदमपुर हवाईअड्डा था।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मेरा रिश्ता संत रविदास जी की जन्मभूमि काशी से है। मैं पंजाब दी धरती नूं नमन करदा हां’ (मैं पंजाब की धरती को नमन करता हूं)। प्रधानमंत्री ने रविवार को पेश हुए बजट में पंजाब को मिले लाभ का जिक्र किया। उन्होंने यूरोपीय संघ के साथ हुई मुक्त व्यापार संधि का जिक्र करते हुए कहा कि अब पंजाब में बने कपड़े और सामान यूरोप के बाजारों में बिकेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में रविदास की वाणी से तीन श्लोक पढ़े। उन्होंने काशी, मध्य प्रदेश और पंजाब में संत रविदास की सेवा करने की बात दोहराई। रविदासिया समाज के साथ वाल्मीकि समाज को भी साधने का प्रयास करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने अयोध्या हवाईअड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डेरा प्रबंधक ने कहा कि वे लोग प्रधानमंत्री के आने से बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘पहली बार कोई प्रधानमंत्री हमारे बीच आया’। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली से आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने श्री गुरू रविदास महाराज जी एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके बाद लुधियाना के हलवारा स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया।
