Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हरदीप पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा जाएंगे

नई दिल्ली। दो बार उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद रहने के बाद अब हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा में जाएंगे। एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर उनको उच्च सदन में भेजा जाएगा। इससे यह संभावना बढ़ गई है कि वे केंद्रीय मंत्रीमंडल में बने रहेंगे। अमेरिका के दुर्दांत यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ तस्वीर सामने आने के बाद माना जा रहा था कि अब उनको शायद राज्यसभा नहीं भेजा जाए। लेकिन भाजपा ने उनको इसके बावजूद राज्यसभा भेजने का फैसला किया है।

बहरहाल, एल मुरुगान ने 14 अक्टूबर को केंद्रीय राज्यमंत्री पद से और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उसके तुरंत बाद चुनाव आयोग ने इस पर उपचुनाव की घोषणा कर दी। इस सीट पर नामांकन शुरू हो गया है, जो दो नवंबर तक चलेगा और अगर कोई दूसरा उम्मीदवार आता है को 12 नवंबर को मतदान होगा। हालांकि भाजपा के पास विधानसभा में विशाल बहुमत है इसलिए दूसरा उम्मीदवार आने की संभावना नहीं है।

गौरतलब है कि हाल ही में जेफ्री एपस्टीन के साथ पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की कई तस्वीरें वायरल हुई थीं। इससे पहले पुरी ने कहा था कि वे कभी एपस्टीन से अकेले नहीं मिले। उनकी मुलाकात प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई है। लेकिन पिछले दिनों अमेरिकी विदेश मंत्री के भारत दौरे के दौरान ही ऐसी तस्वीरें आईं, जिनमें पुरी अकेले एपस्टीन के साथ बैठे हैं। कांग्रेस ने इसे लेकर कई सवाल उठाए।

Exit mobile version