नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के मामले में राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी पार्टियों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई टल गई है। असल में विपक्षी पार्टियों ने सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दायर कर चुनाव आयोग से 48 सवाल पूछने की इजाजत मांगी है। याचिका में सवालों की सूची दी गई है। मंगलवार को इस पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने कहा कि जब तक इस पर चुनाव आय़ोग का जवाब नहीं आ जाता है तब तक आगे सुनवाई नहीं हो सकती है।
अब यह सुनवाई नौ दिसंबर को होगी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस समेत ‘इंडिया’ ब्लॉक की ओर से दो याचिकाएं दायर की गई हैं। पहली याचिका 12 अक्टूबर को तो दूसरी याचिका 16 नवंबर को दायर की गई। सोमवार को दायर याचिका में मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों से 48 सवाल पूछने की इजाजत मांगी गई थी।
विपक्ष की पहली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने 27 अक्टूबर को भी सुनवाई स्थगित कर दी थी। इससे एक दिन पहले यानी 26 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया था। इसमें आयोग ने कहा था कि एसआईआर पर सभी फैसले आम सहमति से किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि फैसलों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ दो अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की सहमति थी। कोर्ट में दाखिल हलफनामे पर भी तीनों के दस्तखत हैं।
