Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कई राज्यों में लगातार बारिश से आफत

Uttarakhand, Aug 25 (ANI): Roads waterlogged following incessant rain, in Dehradun on Wednesday. (ANI Photo)

नई दिल्ली। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ से जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ है। राजस्थान में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। रविवार को नागौर में सारी नदियां और तालाब भर गए। जोधपुर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में राज्य के अलग अलग हिस्सों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में सात लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना दोनों नदियां उफान पर हैं और वाराणसी की सड़कों पर गंगा का पानी पहुंच गया है।

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से गंगा, यमुना और कई अन्य नदियां उफान पर हैं। काशी में अनेक घाट डूब गए हैं और अब गंगा का पानी अस्सी घाट की सड़क तक पहुंच गया है। गंगा के साथ वरुणा नदी में बाढ़ आ गई है। उधर बिहार के पटना में गंगा नदी उफान पर है। पटना के कलेक्टर ने जिले के 78 स्कूलों को 21 जुलाई तक बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं, जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे पर भूस्खलन के कारण कश्मीर जाने वाला रास्ता बंद हो गया है।

मौसम विभाग ने रविवार को दोपहर में अनुमान जाहिर किया कि कम से कम एक दर्जन राज्यों में अगले 24 घंटे तक खूब बारिश होगी। कर्नाटक, बिहार, सिक्किम, बंगाल, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, उत्तर व दक्षिण कर्नाटक और उत्तराखंड में कुमाऊं क्षेत्र के कुछ हिस्सों में खूब बारिश होगी। अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, गोवा, के अलग अलग स्थानों पर भारी बारिश होगी। इन राज्यों के कई जिलों में यलो या ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Exit mobile version