Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

इजराइल में हाई अलर्ट

नई दिल्ली। ईरान में तेज हो रहे प्रदर्शन और अमेरिकी की ओर से हमले की तैयारियों को देखते हुए इजराइल में हाई अलर्ट कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में इजराइल के सुरक्षा बलों के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि ईरान पर अमेरिकी हमले की संभावना और ईरान की ओर से होने वाले पलटवार की आशंका में इजराइली सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। इजराइल में हाई अलर्ट का कारण यह है कि ईरान ने अमेरिका के साथ साथ इजराइल को भी चेतावनी दी है।

गौरतलब है कि इजराइल और ईरान जून में 12 दिन की जंग लड़ चुके हैं, जिसमें अमेरिका ने इजराइल के साथ मिलकर हवाई हमले किए थे। रविवार को ईरान के राष्ट्रपति और संसद के स्पीकर दोनों ने इजराइल को चेतावनी दी। इससे पहले शनिवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। बताया जा रहा है कि ईरान में अमेरिकी दखल की संभावना पर दोनों के बीच चर्चा हुई।

अमेरिका और इजराइल की तैयारियों को देखते हुए ईरान ने तीखी चेतावनी जारी की है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर कलीबाफ ने कहा है कि अगर प्रदर्शनकारियों को लेकर अमेरिका ने ईरान पर हमला किया, तो अमेरिकी सेना और इजराइल दोनों ईरान के निशाने पर होंगे। यह पहला मौका है जब ईरानी नेतृत्व की ओर से संभावित जवाबी कार्रवाई में इजराइल को भी सीधे तौर पर निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।

Exit mobile version