Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हिमाचल में भी गर्मी का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के राज्यों में गरमी नए रिकॉर्ड बना रही है। हिमाचल प्रदेश में भी भीषण गर्मी पड़ रही है और कम से कम चार जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आधा दर्जन राज्यों के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। इन राज्यों में राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और ओडिशा शामिल हैं। राजस्थान का श्रीगंगानगर देश में सबसे गर्म शहर रहा। वहां तापमान 47 डिग्री से ऊपर चला गया।

मौसम विभाग ने दिल्ली व एनसीआर सहित पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मंगलवार को हीटवेव और तेज गर्मी की चेतावनी दी थी। दिल्ली में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा। राज्य में अगले दो दिन के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राजस्थान में तेज हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा असर पश्चिमी जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही में है।

हिमाचल प्रदेश के चार शहरों का तापमान पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 जून को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है उसके बाद स्थिति में सुधार हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 72 घंटे तक पहाड़ों पर भीषण गर्मी पड़ेगी। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। हिमाचल के 13 शहरों में तापमान 35 डिग्री से ज्यादा हो गया है। ऊना का तापमान सामान्य से साढ़े तीन डिग्री के उछाल के साथ 42.4 डिग्री पहुंच गया है। इसके अलावा कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर के नेरी का तापमान भी 40 डिग्री से ज्यादा रहा।

हरियाणा के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया। प्रदेश में सिरसा 46.4 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। कई शहरों के लिए गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर सहित कई शहरों में भीषण गर्मी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश भी भीषण लू की चपेट में है। राज्य में झांसी सबसे गर्म रहा और दूसरे स्थान पर वाराणसी रहा। दोपहर 1 बजे 44°C तापमान के साथ झांसी सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया। दूसरे नंबर वाराणसी रहा।

Exit mobile version