कोलकाता। जांच एजेंसियों की तमाम सख्ती के बावजूद विमान हाईजैक करने की धमकियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पांच दिन के अंदर विमान हाईजैक करने की दूसरी धमकी मिली है। बुधवार को एयर इंडिया की कोलकाता से मुंबई जाने वाली उड़ान को हाईजैक करने की धमकी मिली। इसके बाद विमान की उड़ान रोक दी गई और जांच की गई। हालांकि विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इससे पहले शनिवार को बेंगलुरू से लखनऊ जा रही उड़ान को हाईजैक करने की धमकी मिली थी। इजराइल के विमान को हाईजैक करने की कोशिश की घटना के बाद एजेंसियों ज्यादा सावधान हो गई हैं।
बहरहाल, बुधवार की सुबह कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान के टॉयलेट में एक नोट लिखा हुआ मिला। इसमें कहा गया था कि सुबह 11 बज कर 10 मिनट पर प्लेन हाईजैक कर लिया जाएगा। नोट मिलते ही चालक दल ने पायलट को इसकी जानकारी दी। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया। इसके बाद विमान को कोलकाता हवाईअड्डे के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू की।
विमान में उस समय 93 यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। एयर इंडिया का एयरबस का विमान कोलकाता से मुंबई जाने के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। देर शाम तक एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इससे पहले शनिवार को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-451 को हाईजैक करने की धमकी मिली थी। चालक दल ने फ्लाइट के टॉयलेट में धमकी वाला नोट देखा। जिसके बाद पायलट विमान को वापस बेंगलुरु ले आया।
इससे पहले 13 अक्टूबर को फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-2030 की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट से अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को हाईजैक का सिग्नल मिला था। असल में इन दिनों एजेंसियां ज्यादा अलर्ट हैं क्योंकि कुछ दिन पहले दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट के को पायलट ने ही विमान को हाईजैक करने की कोशिश की थी।
