Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सोने, चांदी पर आयात शुल्क बढ़ा

नई दिल्ली। देश के लोगों से एक साल तक सोने की खरीद स्थगित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद अब केंद्र सरकार ने सोना और चांदी दोनों पर आयात शुल्क बढ़ा दिया है। इसका बड़ा असर बुधवार को देखने को मिला। बुधवार को दोनों धातुओं की कीमत में बड़ा इजाफा हुआ। इससे पहले सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर लगने वाला शुल्क छह से बढ़ा कर 15 फीसदी कर दिया।

बुधवार, 13 मई को जारी इस आदेश के बाद सर्राफा बाजार में सोना नौ हजार और चांदी 22 हजार रुपए महंगी हो गई है। 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का भाव 9,345 बढ़ कर 1,60,977 रुपए रुपए और एक किलो चांदी की कीमत 22,853 बढ़ कर 2,87,720 रुपए पर पहुंच गई।

विदेशी खरीद कम करने और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को घटाने के मकसद से सरकार ने आयात शुल्क बढ़ाया है। अमेरिकी और ईरान जंग की वजह से भारत की अर्थव्यवस्था बहुत दबाव में है। भारतीय मुद्रा रुपए की कीमत लगातार गिर रही है। बुधवार को एक डॉलर की कीमत 95.75 रुपए तक पहुंच गई। बहरहाल, सरकार ने सोने पर 10 फीसदी बेसिक कस्टम ड्यूटी और पांच फीसदी एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस लगाया है। इस तरह कुल प्रभावी शुल्क 15 फीसदी हो गया है। इससे पहले 2024 के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आयात शुल्क 15 से घटा कर छह फीसदी कर दिया था।

Exit mobile version