नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को संसद के दोनों सदनों की साझा बैठक को संबोधित किया। राष्ट्रपति के संबोधन के साथ ही संसद के बजट सत्र की शुरुआत हो गई। राष्ट्रपति ने अपने भाषण में केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताईं। राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार देश में आर्थिक प्रगति और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों से निपटने में सफल रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने भाषण में विकसित भारत जी राम जी कानून का भी जिक्र किया। हालांकि राष्ट्रपति ने जैसे इस कानून का जिक्र किया वैसे ही इस पर विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सांसदों ने कानून वापस लेने के नारे लगाए। दूसरी ओर एनडीए के सांसदों ने कानून के समर्थन में नारेबाजी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मेज थपथपाते नजर आए।
राष्ट्रपति ने पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ हुई सैन्य कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना का शौर्य पूरी दुनिया ने देखा है। भारतीय सेना ने आतंकी अड्डों को ध्वस्त किया। उन्होंने कहा कि मिशन सुदर्शन चक्र पर काम चल रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया आज कठिन कालखंड से गुजर रहा है। लंबे समय से चले आ रहे समीकरण भी बदल रहे हैं। कठिन परिस्थितियों के बीच भी भारत तेजी से विकास की राह पर बढ़ रहा है। इसके पीछे दूरगामी विदेश नीति की भूमिका है। भारत पर दुनिया के देश भरोसा व्यक्त करते हैं। भारत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।
राष्ट्रपति ने सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि भारत ने ग्लोबल साउथ की आवाज को और मुखरता से तेज किया है। उन्होंने कहा कि देश में फिलहाल डेढ़ सौ वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और भारत अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ मुक्त समझौते से सेवा और विनिर्माण क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार माओवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से दो अप्रैल तक चलेगा। यह दो हिस्सों में होगा। पहला हिस्सा 28 जनवरी से 13 फरवरी तक और दूसरा हिस्सा नौ मार्च से दो अप्रैल तक होगा। इस दौरान कुल 30 बैठकें होंगी। एक फरवरी को बजट पेश होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना नौवां बजट पेश करेंगी।
