नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन यानी ‘इंडिया’ ब्लॉक की रामलीला मैदान में हुई रैली में विपक्ष के सारे नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला किया। सभी नेताओं ने ज्ञानेश को पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग की। लगभग सभी नेताओं ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे। गौरतलब है कि रविवार, एक नवंबर को हुई रैली में राहुल गांधी सहित आठ नेताओं ने भाषण दिया और सबने वोट चोरी के आरोप लगाए।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘हम छोड़ेंगे नहीं, जिदंगी देंगे, हम लड़ेंगे। हमारा बंगाल लूट लिया गया। हम लोकतंत्र बचाएंगे। लोकतंत्र लूटा गया, अधिकार लूटा गया, इलेक्शन काउंटिंग लूटी गई’। उन्होंने आगे कहा, ‘आप सिर्फ वोट नहीं, पूरी काउंटिंग वैनिश की है। हम हारे नहीं, हमको हराया गया है’। ममता ने ये भी कहा कि आपने नौकरी लूटी, जिंदगी लूटी, मां बहनों का सम्मान लूटा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘जो लोग कभी यूपी से आए थे, वो यूपी से ही जाएंगे। यूपी वाले स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी करते हैं। 2027 में विदाई तय है’। उन्होंने आगे कहा, ‘ये राम जी की लीला का मैदान है। जो पापी है उसका नाश होता है। राम जी के सामने वो पापी बचने वाले नहीं। जिन्होंने चंदा चोरी की है, जिन्होंने चढ़ावा चोरी की उनका नाश नहीं, सर्वनाश होगा’। अखिलेश ने सीएम योगी आदित्यनाथ के एक बयान के हवाले कहा, ‘आज जब सभा यहां होने जा रही थी उसी समय यूपी में भाजपा की तरफ से कहा गया कि एक करोड़ वोट हिंदू भाइयों के वोट काट दिए गए’।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने महाभारत की मिसाल देते हुए कहा, ‘वैसे तो रामलीला मैदान में रामलीला आयोजित होती है। हमने वोट चोरों के लिए महाभारत का आयोजन किया है। हमें कुरुक्षेत्र बनाना पड़ रहा है। आप शकुनि को जानते हैं, उसका पांसा कौन था। शकुनि जब पासा फेंकता था तो वह वही कहता था जो वो कहता था’। उन्होंने ज्ञानेश कुमार की तुलना शकुनि से की। सीपीएम महासचिव एमए बेबी ने कहा, ‘यहां दूसरा आजादी का आंदोलन है। फासीवादी, आरएसएस के हाथ से देश को बचाना है। संघर्ष के रास्ते एकजुट होकर हम आगे जाएंगे। वोट चोरी करने वाले ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेना है’।
