Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आर्थिक संकट के मुहाने पर है भारत

नई दिल्ली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यह बात कही है। अमेरिका की कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भारत को लेकर कई बातें कहीं। उन्होंने लोकतंत्र खतरे में होने से लेकर मीडिया पर दबाव होने और वोट चोरी होने से लेकर अर्थव्यवस्था के भारी संकट में फंसने की बात कही। राहुल गांधी ने अमेरिकी युवाओं से बात करते हुए कहा कि भारत में युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा है।

अमेरिका के दो दिन के दौरे पर गए राहुल गांधी ने कहा कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियां हैं। राहुल ने कहा कि युवाओं में बढ़ती निराशा की मुख्य वजह यह है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता। राहुल ने दुनिया के और भी कई देशों की मिसाल दी, जहां आंदोलन हो रहे हैं और कहा कि जहां भी आर्थिक संकट है वहां प्रदर्शन हो रहे हैं।

राहुल बुधवार को न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के सामने बोल रहे थे। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को सामान्य अभियान से बिल्कुल अलग बताया। उन्होंने कहा, ‘इस अभियान में जितना पैसा खर्च किया गया, वह अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक ज्यादा था। इतना पैसा कहां से आया। इस अभियान में खर्च की गई रकम को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए’।

राहुल ने कहा, ‘युवाओं में मौजूदा हालात को लेकर निराशा है। इनमें एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है और उसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। हम इस पर अध्ययन कर रहे हैं और इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी सबसे अहम वजह यह है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता’। राहुल के इस बयान पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर में कहा, ‘राहुल विदेश में जाकर भारत की छवि खराब करते हैं। वो भारत की इकोनॉमी को डिजास्टर बताते हैं, लेकिन भारत नहीं उनकी सोच डिजास्टर है’।

Exit mobile version