ओस्लो। मंगलवार, 19 मई को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें हिस्सा लेंगे। सम्मेलन से पहले मोदी ने कहा कि यह उनके नॉर्डिक समकक्षों से मुलाकात का शानदार अवसर होगा। इस सम्मेलन में नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के नेता शामिल होंगे।
भारत-नॉर्डिक सम्मेलन पहली बार 2018 में स्टॉकहोम और दूसरी बार 2022 में कोपेनहेगन में हुआ था। इस बार बैठक में ग्रीन एनर्जी, डिजिटलाइजेशन, रक्षा सहयोग, जलवायु परिवर्तन और आर्कटिक नीति जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी की नॉर्वे यात्रा उनके पांच देशों के दौरे का चौथा चरण है। इससे पहले वे संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं। इसके बाद वे इटली जाएंगे।
