Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत ने ईरान को भेजी मेडिकल सहायता

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के 18वें दिन भारत ने ईरान के लिए मेडिकल सहायता की पहली खेप रवाना की। भारत की ओर से चिकित्सा सहायता की यह पहली खेप ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी को सौंपी गई, जिसमें जरूरी दवाइयां और मेडिकल सप्लाई शामिल हैं। भारत में ईरान के दूतावास ने इस सहायता के लिए भारतीय लोगों का आभार जताया। दूतावास ने कहा कि यह मदद सफलतापूर्वक पहुंचा दी गई है। उन्होंने इसे ‘भारत के लोगों की ओर से मिला सहयोग’ बताया। ईरानी दूतावास ने मेडिकल सप्लाई सौंपने का वीडियो भी शेयर किया।

इस बीच बुधवार को बताया गया है कि पश्चिम एशिया में चल रही जंग के बीच अब तक करीब दो लाख 60 हजार भारतीय देश वापस लौटे हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह वापसी 28 फरवरी से अब तक हुई है। सरकार ने बताया कि मौजूदा हालात में भी विमानों का परिचालन जारी हैं। बताया गया कि संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई से हर दिन करीब 70 उड़ानें भारत आ रही हैं या जा रही हैं। इससे यात्रियों की आवाजाही बनी हुई है। सरकार ने यह भी बताया कि ईरान में भारतीय दूतावास, वहां फंसे नागरिकों, खासकर छात्रों की मदद कर रहा है और जरूरत पड़ने पर उन्हें आर्मेनिया और अजरबैजान के रास्ते निकालने की व्यवस्था की जा रही है।

Exit mobile version