नई दिल्ली। यह बड़ी खबर है कि भारत और अमेरिका के बीच फिर से व्यापार वार्ता शुरू हो गई है। भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता जारी है और वे जल्दी ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस बारे में बात करेंगे। उनकी इस पोस्ट के बाद इस पर मुहर लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों की टीमें व्यापार वार्ता को जल्दी पूरा करने के लिए भरपूर प्रयास कर रही हैं।
गौरतलब है कि भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप और उनके व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने भारत के खिलाफ कई बयान दिए थे। लेकिन अब दोनों तरफ से हालात संभालने की कोशिश हो रही है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को एक कार्यक्रम में कहा कि दोनों देशों के बीच इस समझौते को लेकर सक्रिय बातचीत चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए उनकी टीम के साथ दिल्ली में बातचीत चल रही है। इसके अलावा भारत न्यूजीलैंड के साथ भी व्यापार संधि के लिए बातचीत कर रहा है।
इससे पहले बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापारिक संबंधों में सुधार के संकेत दिए। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वॉशिंगटन और दिल्ली के बीच चल रही बातचीत जल्दी किसी बेहतर नतीजे पर पहुंचेगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि वे सभी तरह के बाधाएं खत्म करने के लिए आने वाले हफ्तों में प्रधानमंत्री मोदी से बात करेंगे। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, ‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और अमेरिका दोनों देशों के बीच व्यापार बाधा को दूर करने के लिए बातचीत जारी है। आने वाले हफ्तों में मैं अपने बहुत अच्छे दोस्त, पीएम मोदी से बात के लिए उत्सुक हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि दोनों महान देशों के लिए एक सफल नतीजे पर पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं आएगी’।
राष्ट्रपति ट्रंप की इस पोस्ट के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘भारत और अमेरिका अच्छे दोस्त और नैसर्गिक सहयोगी हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी व्यापार वार्ता भारत-अमेरिका साझेदारी के असीमित संभावनाओं को खोलने का रास्ता बना देगी। हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्दी से जल्दी पूरा करने के लिए मेहनत कर रही हैं।
