Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक

नई दिल्ली। बांग्लादेश की सरकार ने भारत में हुए मुस्तफिजुर रहमान के विरोध और उसके बाद शाहरुख खान की आईपीएल टीम केकेआर से निकाले जाने की घटना को गंभीरता से लिया है। पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी ने अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया और अब सरकार ने आईपीएल मैचों के प्रसारण पर पाबंदी लगा दी है। आईपीएल के प्रसारण पर पाबंदी के लिए जारी आदेश में बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर से निकाले जाने का भी जिक्र किया गया है। गौरतलब है कि 26 मार्च से आईपीएल शुरू हो रहा है।

मुस्तफिजुर को निकाले जाने के का जिक्र करते हुए बांग्लादेश सरकार के बयान में कहा गया है कि इस निर्णय के पीछे कोई ठोस या तार्किक कारण नहीं था। यह फैसला बांग्लादेश की जनता के लिए अपमानजनक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। ऐसे में अगले निर्देश तक आईपीएल के सभी मैच के प्रचार, प्रसारण और पुन: प्रसारण को बंद रखने के निर्देश दिए जाते हैं।

इससे एक दिन पहले रविवार, चार जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप खेलने के लिए अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया था। इतना ही नहीं, बीसीबी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी से अपने मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया था। गौरतलब है कि केकेआर ने तीन जनवरी को मुस्तफिजुर को टीम से बाहर कर दिया। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बीच उन्हें टीम से हटाने की मांग उठ रही थी। इसके बाद बीसीसीआई ने शाहरुख खान की आईपीएल टीम को मुस्तफिजुर रहमान को हटाने का आदेश दिया था। गौरतलब है कि बांग्लादेश में पिछले 19 दिन में पांच हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है।

Exit mobile version