Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘थैंक्यू इंडिया’ लिखा मिसाइल दाग रहा है ईरान

नई दिल्ली। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की तस्वीर लगा कर इजराइल के खिलाफ मिसाइल दागने के बाद ईरान अब ‘थैंक्यू इंडिया’ लिख कर इजराइल और अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर मिसाइल दाग रहा है। ईरान ने इजराइल के ऊपर 83वीं बार मिसाइल हमला किया तो उन पर ‘थैंक्यू इंडिया’ लिखकर भेजा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिखा कि ईरानी सैनिक मिसाइलों पर संदेश लिख रहे हैं। इसी तरह स्पेन, पाकिस्तान और जर्मनी के लिए भी संदेश लिखे गए। इस बीच शुक्रवार को खबर आई कि ईरान ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई के चीफ काश पटेल की निजी ईमेल हैक कर ली और उनके कुछ निजी मेल सार्वजनिक कर दिए।

बहरहाल, भारत और दूसरे देशों के नाम लिख कर मिसाइल दागने के बारे में ईरान ने कहा है कि यह कदम उन देशों के प्रति आभार जताने के लिए है, जिन्होंने उसका समर्थन किया। बहरहाल, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड यानी आईआरजीसी ने बताया कि यह 83वां हमला था, जिसमें लंबी और मध्यम दूरी की मिसाइलें और ड्रोन इस्तेमाल किए गए। हमलों में इजराइल के ठिकानों के साथ खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। बहरीन में पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े एक ठिकाने पर हमला होने का दावा किया गया है।

उधर ईरान की संसद मजलिस के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर उसने जमीनी सेना उतारी, तो हालात संभालना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने सैनिकों की सुरक्षा भी ठीक से नहीं कर पा रहा है, ऐसे में ईरान की जमीन पर उन्हें कैसे सुरक्षित रखेगा। ईरान की ओर से यह भी कहा गया है कि उसके नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ हैं और सुरक्षा कारणों से सामने नहीं आ रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि खामेनेई देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

उधर इजराइल ने भी ईरान पर अपने हमलों को और तेज करने की चेतावनी दी है। रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि ईरान की मिसाइल हमलों के जवाब में अब कार्रवाई और बड़ी होगी। उन्होंने कहा कि ईरान को नागरिक इलाकों पर मिसाइल हमले रोकने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद हमले जारी रहे। काट्ज ने कहा कि इजराइल अब अपने हमलों का दायरा बढ़ाएगा।

Exit mobile version