नई दिल्ली। नीट यूजी और 12वीं बोर्ड की परीक्षा की गड़बड़ियों के बाद अब केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए चल रही सीयूईटी की परीक्षा में गड़बड़ी हो गई है। इससे नाराज छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा कराने वाली एजेंसी एनटीए के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में एनटीए की ओर से कहा गया कि जिन छात्रों को परीक्षा में परेशानी हुई है उनको दोबारा परीक्षा देने का मौका दिया जाएगा।
गौरतलब है कि परीक्षा के दौरान सर्वर में गड़बड़ी की वजह से हजारों छात्रों को परीक्षा देने में परेशानी हुई। परीक्षा के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ियों को देखते हुए एनटीए ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। एनटीए ने आधिकारिक तौर पर माना है कि कुछ परीक्षा केंद्रों पर सर्वर या अन्य तकनीकी गड़बड़ी के कारण उम्मीदवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और वे अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए। ऐसे सभी प्रभावित छात्रों को एजेंसी परीक्षा का एक और मौका देने जा रही है।
एनटीए छात्रों को हुए असुविधा के लिए खेद जताते हुए स्थिति स्पष्ट की। एनटीए के लिए परीक्षा का संचालन करने वाली तकनीकी सेवा प्रदाता कंपनी सख्त निर्देश दिए। एनटीए ने कंपनी से इस गड़बड़ी का कारण पता लगाकर तुरंत रिपोर्ट सौंपने को कहा है। हालांकि तकनीकी समस्या दूर होने के बाद 95 फीसदी छात्रों ने देरी से ही सही लेकिन परीक्षा दी। इस अफरा तफरी के बीच 3,765 छात्र ऐसे भी थे, जो बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी परीक्षा शुरू होने का इंतजार नहीं कर सके और सेंटर से वापस लौट गए। इन 3,765 छात्रों के लिए एनटीए दोबारा परीक्षा आयोजित करेगी। बताया गया है कि दोबारा परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी जानकारियां जल्दी ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।
