नई दिल्ली। सेटेलाइट के जरिए इंटरनेट की सेवा देने वाली कंपनी स्टारलिंक को भारत में लाइसेंस मिलने में हो रही देरी पर लगातार दूसरे दिन पोस्ट लिखी है। उन्होंने तंज करते हुए पूछा है कि, ‘क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं’? इससे पहले उन्होंने कहा था कि भारत के कुछ बड़े कारोबारी उनकी कंपनी स्टारलिंक को लाइसेंस मिलने में बाधा डाल रहे हैं। पहले उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। लेकिन भारत सरकार की ओर से सफाई दिए जाने के बाद उन्होंने दूसरी पोस्ट में देश के सबसे बड़े कारोबारी मुकेश अंबानी का नाम लिया।
उन्होंने गुरुवार को भारत में स्टारलिंक को अब तक लाइसेंस नहीं मिलने पर अपनी दूसरी पोस्ट में लिखा, ‘स्टारलिंक को 165 से अधिक देशों में लाइसेंस मिल चुका है और कंपनी ने भारत सरकार की हर कानूनी और नियामकीय जरूरत को पूरा करने में पांच साल बिताए हैं। इसके बावजूद लाइसेंस क्यों नहीं दिया जा रहा है’? मस्क ने अपने पोस्ट में तंज करते हुए सवाल किया, ‘क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं’?
इससे पहले इलॉन मस्क की ओर से लगाए गए आरोपों पर केंद्र सरकार ने गुरुवार को सफाई दी। भारत सरकार ने मस्क के इस आरोप को खारिज किया है कि कुछ भारतीय उद्योगपति एकाधिकार बनाए रखने के लिए उनकी कंपनी स्टारलिंक को भारत नहीं आने दे रहे। गौरतलब है कि मस्क की कंपनी स्टारलिंक सेटेलाइट के जरिए इंटरनेट की सेवा देती है।
उनके आरोपों का जवाब देते हुए केंद्र सरकार ने गुरुवार, आठ अक्टूबर को कहा कि देश में सेटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विसेज के लिए तय नियम सभी के लिए एक जैसे हैं। सरकार ने एक बयान जारी करके कहा है, ‘यह कहना बिल्कुल गलत है कि नियमों को किसी के साथ भेदभाव करने के लिए लागू किया जा रहा है’।
असल में बुधवार को इलॉन मस्क ने आरोप लगाया था कि भारत के कुछ बड़े कारोबारी स्टारलिंक को रोक रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा था, ‘भारत के कुछ बड़े बिजनेसमैन नहीं चाहते कि स्टारलिंक का सेटेलाइट इंटरनेट भारत आए, ताकि उनका एकछत्र राज बना रहे। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वे कौन हैं…’। मस्क ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि यह भारत के लोगों के खिलाफ एक अपराध है।
