Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

किसानों को बड़ी घोषणा की उम्मीद

चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर पिछले 10 महीने से तंबू गाड़ कर प्रदर्शन कर रहे किसानों को लग रहा है कि केंद्र सरकार कुछ बड़ी घोषणा कर सकती है। असल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि किसानों के प्रदर्शन और उनकी मांगों को लेकर उन्होंने बातचीत की है। इस बीच रविवार को केंद्र सरकार के अधिकारी किसानों से मिले भी हैं। उधर खनौरी बॉर्डर पर आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की सेहत बिगड़ रही है।

डल्लेवाल खनौरी बॉर्डर पर 20 दिन से आमरण अनशन कर रहे हैं। रविवार को केंद्रीय गृह निदेशक मयंक मिश्रा ने उनसे मुलाकात की। पंजाब के पुलिस प्रमुख गौरव यादव के साथ मयंक मिश्रा खनौरी बॉर्डर पहुंचे थे। डल्लेवाल से मीटिंग के बाद मिश्रा ने कहा कि उन्होंने किसानों की मांगों के बारे में जानकारी ली है। उन्होंने केंद्र की तरफ से वार्ता के प्रस्ताव से इनकार किया। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने डल्लेवाल की डॉक्टरी मदद के आदेश दिए थे। हालांकि साथ ही कहा था कि जोर जबरदस्ती नहीं की जाए।

इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमित शाह और शिवराज सिंह ने मीटिंग की थी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी को किसान आंदोलन की जानकारी दी गई। बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल थे। किसान आंदोलन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के सक्रिय होने के बाद माना जा रहा है कि केंद्र की तरफ से किसानों की मांगों को लेकर कोई बड़ी घोषणा की जा सकती है। इस बीच पंजाब के पुलिस प्रमुख ने कहा- डल्लेवाल की जान कीमती है। हम सबके साथ कोऑर्डिनेट कर बातचीत को आगे बढ़ाने का माहौल बना रहे हैं। मेरे साथ केंद्रीय गृह निदेशक भी आए हैं। वह किसानों की मांगों को केंद्र को भेजेंगे। पंजाब सरकार ने भी किसानों की मांगों को आगे बढ़ाने के लिए कहा है।

Exit mobile version